विधि विधान के साथ छह माह को बंद हुए लाटू धाम के कपाट

 


गोपेश्वर, 24 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिले के देवाल ब्लाॅक के वाण गांव स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए। यह कपाटबंदी छह माह के लिए हुई है और अब मंदिर बैसाख की पूर्णिमा को फिर से खुलेगा।

मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर मंदिर में प्रवेश किया। उन्होंने दीया जलाया। इसके बाद मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए गए। कपाट बंद होते ही पूरा क्षेत्र लाटू के जयकारों से गूंज उठा। राजजात समिति वाण के अध्यक्ष हीरा गढवाली ने बताया कि मंदिर के कपाट छह माह बाद बैसाख की पूर्णिमा को खुलेंगे। इस अवसर पर मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान हवन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।

लाटू देवता मंदिर आज भी श्रद्धालुओं के लिए एक रहस्य बना हुआ है। पुजारी खीम सिंह ने बताया कि मंदिर में पुजारी के अलावा कोई प्रवेश नहीं करता है। मान्यता है कि मंदिर के अंदर नागमणि विराजमान है। जिसे देखकर आंखों की रोशनी जा सकती है। इसलिए श्रद्धालु मंदिर से करीब 12 मीटर बाहर से ही पूजा करते हैं।

इस दौरान पंडित रमेश कुनियाल, नवीन चंद्र, वाण की प्रधान नंदुली देवी, बीडीसी मेंबर हेमा देवी, महाबीर बिष्ट, संदीप कुमार आर्य, गौरी खत्री, मोहन गांववासी, हीरा गढवाली, कृष्णा बिष्ट, हीरा पहाड़ी, हीरा बुग्याली, मनोज पाल, मदन मोहन, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल