चंबा नगर पालिका क्षेत्र में लंगूरों का आतंक
नई टिहरी, 12 सितंबर (हि.स.)। चंबा नगर क्षेत्र में बंदरों के साथ-साथ लंगूरों का भी आतंक बना हुआ है। जिससे स्थानीय लोग परेशान है। बीते एक माह से पालिका क्षेत्र की सुमन कॉलोनी और मसूरी रोड वार्ड क्षेत्र में लंगूर लोगों पर हमला कर रहे हैं। मामले में पालिका सभासद शक्ति प्रसाद जोशी, महेश पैन्यूली ने नगर पालिका और वन विभाग से समस्या से निजात दिलाने के लिए पत्र भेजा।
शनिवार को वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में लंगूर को पकड़ने का अभियान चलाया। जोशी ने बताया कि बंदर के साथ-साथ अब लंगूर भी घरों की छतों, पेड़ों पर चढ़कर राहगिरों पर हमला कर रहे हैं। जिससे सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। क्षेत्र में लंगूर से काटने की चार घटनाएं हो चुकी हैं। सकलाना रेंज के वन क्षेत्राधिकार मदन सिंह रावत ने बताया कि विभागीय टीम ने कई लंगूरों को पिंजरे में बंद कर सुरक्षित स्थान पर रेस्क्यू किया है। कहा कि आगे भी अभियान जारी रहेगा। टीम में वन दरोगा मुकेश भंडारी, सुंदरलाल सकलानी, राकेश नेगी, राकेश तिवारी, राकेश बिजल्वाण, राजपाल सहित स्थानीय निवास मार्कंडी प्रसाद बडोनी, विकास रमोला, अजय रमोला, गौरव मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी