बाल एवं महिला सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
पौड़ी गढ़वाल, 29 सितंबर (हि.स.)। मिशन शक्ति के तहत मंगलवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज दिउली, यमकेश्वर में एक दिवसीय जागरुकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, उनके अधिकारों और अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध शिकायत एवं सहायता तंत्र की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना संबंधित स्तर पर दी जानी चाहिए। विद्यार्थियों को शिकायत की प्रक्रिया, सुरक्षित रहते हुए कानूनी सहायता लेने तथा उपलब्ध संस्थागत तंत्र का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यशाला में विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी दबाल एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. नंद किशोर गौड़, शिक्षक पंकज बलूनी, प्रदीप बिष्ट, रमेश कठैत सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह