मार्टिनियर गर्ल्स लखनऊ एवं मेजबान शेरवुड कॉलेज रहे विजेता

 


नैनीताल, 12 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा नगरी के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में शामिल शेरवुड कॉलेज में आयोजित हुई 14वीं न्यूलिन वाद-विवाद में ला-मार्टिनियर गर्ल्स लखनऊ एवं क्विज प्रतियोगिता की ट्रॉफी मेजबान शेरवुड कॉलेज ने जीत ली है। जबकि पाइनग्रोव सुबाथू और वाइनबर्ग-एलेन मसूरी उपविजेता रहे।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन वाद-विवाद प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सभी 10 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने टर्नकोट और एक्सटेम्पोरी में प्रतिभाग किया। इनमें से आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में आरआईएमसी देहरादून, ला-मार्टिनियर गर्ल्स लखनऊ, पाइनग्रोव हिमाचल प्रदेश, बीसीएस शिमला, एशियन स्कूल देहरादून, इंडसून स्कूल नई दिल्ली, वाइनबर्ग-एलेन मसूरी और शेरवुड कॉलेज नैनीताल शामिल रहे। सेमीफाइनल के बाद ला-मार्टिनियर गर्ल्स लखनऊ और पाइनग्रोव सुबाथू ने फाइनल में जगह बनाई। कड़े मुकाबले में ला-मार्टिनियर गर्ल्स लखनऊ विजेता और पाइनग्रोव सुबाथू उपविजेता रहा।

वहीं क्विज प्रतियोगिता की ट्रॉफी शेरवुड कॉलेज ने जीती, जबकि वाइनबर्ग-एलेन मसूरी दूसरे स्थान पर रहा। सेमीफाइनल से पहले शेरवुड के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में समन्वय, संगठन और भाईचारे की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी सहभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी