कुमाऊं विश्वविद्यालय में प्रोफेसर को मिली को नई जिम्मेदारियां
नैनीताल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी को शिक्षा शास्त्र संकाय का अधिष्ठाता नियुक्त किए जाने, जंतु विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार आर्या को विभागाध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है।
कूटा ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट को उत्तराखंड भाषा संस्थान में राज्य मंत्री का दायित्व मिलने और डीएसबी परिसर की पूर्व छात्रा डॉ. निशा देऊपा के स्टैनफोर्ड की शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल होने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रो. ललित तिवारी की नियुक्ति के आदेश कुलपति के अनुमोदन के बाद कुलसचिव ने जारी किए हैं। वह इससे पूर्व निदेशक शोध, निदेशक विजिटिंग प्रोफेसर निदेशालय, विशेष कार्याधिकारी, इग्नू कार्यक्रम समन्वयक, एनएसएस समन्वयक, उप परीक्षा नियंत्रक और बौद्धिक संपदा अधिकार समन्वयक सहित विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं। उन्हें उत्तराखंड रत्न, टीचर ऑफ द ईयर, बेस्ट डायरेक्टर और उच्च शिक्षा में योगदान के लिए देवभूमि उत्कृष्टता पुरस्कार सहित कई सम्मान मिले हैं।
वह पिछले 16 वर्षों से प्रोफेसर हैं। उनके 213 शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी 15 पुस्तकें, चार संपादित पुस्तकें और 30 पुस्तक अध्याय प्रकाशित हैं। उनके निर्देशन एवं सह-निर्देशन में 50 विद्यार्थी पीएचडी और दो शोधार्थी एमफिल कर चुके हैं। जैव विविधता, हिमालयी पर्यावरण और औषधीय पौधों के क्षेत्र में शोध के साथ वह अब तक 50 हजार पौधे लगा चुके हैं और 20 बार रक्तदान कर चुके हैं।
वहीं, प्रो. मनोज कुमार आर्या ने डीएसबी परिसर के जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। उन्हें अध्यापन का 18 वर्ष से अधिक और शोध का 21 वर्ष से अधिक अनुभव है। उनके 70 से अधिक शोधपत्र, 30 से अधिक पुस्तक अध्याय और तीन पुस्तकें तथा एक मोनोग्राफ प्रकाशित हैं।
उन्होंने सात पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है और तीन शोध एवं परामर्श परियोजनाओं का संचालन किया है। उन्हें ग्लोबल इनोवेटर अवॉर्ड, आउटस्टैंडिंग मेंटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड, माधवी श्याम मेडल और इमर्जिंग यंग साइंटिस्ट गोल्ड मेडल सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।
कूटा ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट को उत्तराखंड भाषा संस्थान में राज्य मंत्री का दायित्व मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही डीएसबी परिसर के भौतिकी विभाग की पूर्व छात्रा और चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद की सहायक प्राध्यापक डॉ. निशा देऊपा को स्टैनफोर्ड की शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल होने पर भी बधाई दी है। डॉ. देऊपा के 60 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हैं।
बधाई देने वालों में कूटा के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, प्रो. अनिल बिष्ट, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल जोशी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. शिवांगी, प्रो. दीपिका गोस्वामी और डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य सदस्य एवं एलुमनी सेल के डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना जोशी और डॉ. भुवन आर्य शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी