कुंभ की तैयारियां तेज, अपर मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

 


हरिद्वार, 19 मई (हि.स.)। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग तेज कर दी है। कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दयानंद सरस्वती ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप में जलापूर्ति व्यवस्था के लिए बनाए जा रहे ओवरहेड टैंक और आई-वेल निर्माण कार्यों का जायजा लिया। वहीं दक्षद्वीप क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण योजनाओं की प्रगति भी देखी गई।

उन्होंने मायापुर स्कैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बरसात से पहले पुल के पिलरों का निर्माण पूरा करने और पूरे कार्य को निर्धारित समय सीमा में समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही यूपीसीएल अधिकारियों को पुल के निकट से गुजर रही विद्युत लाइन को शीघ्र शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए।

अपर मेलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी को गंभीरता से लिया जाएगा और सभी कार्य पूरी क्षमता तथा गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरे किए जाएं।

अधिकारियों के अनुसार 60 मीटर स्पान वाले बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर डबल लेन पुल की कुल स्वीकृत लागत 1246.09 लाख रुपये है। पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण भी किया जाएगा। इस पुल के बनने से दक्षद्वीप क्षेत्र में विकसित की जा रही पार्किंग सीधे बैरागी कैंप से जुड़ जाएगी, जिससे कुंभ मेला और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं वैकल्पिक आवागमन मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।

दौरे के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कनखल क्षेत्र के स्थानीय निवासियों से भी बातचीत कर कुंभ तैयारियों और निर्माण कार्यों को लेकर फीडबैक लिया। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने दरिद्र भंजन घाट जाने वाले मार्ग के सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पेयजल निगम, लोक निर्माण विभाग और तकनीकी सेल के अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला