कुमाऊं विश्वविद्यालय में तिमूर और तेजपत्ता के पौधे रोपे
नैनीताल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित वनस्पति विज्ञान विभाग में रविवार को पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. वाईएस रावत और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. हृदेश मिश्रा ने तिमूर और तेजपत्ता के पौधे रोपे।
प्रो.वाईएस रावत ने कहा कि पौधे लगाना जीवन के श्रेष्ठ कार्यों में शामिल है। प्रो. हृदेश मिश्रा ने कहा कि पौधे जीवन का आधार हैं। वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि प्रकृति से प्रेम करना स्वयं से प्रेम करने के समान है। मनुष्य प्रकृति का एक छोटा-सा हिस्सा है, इसलिए उसका संरक्षण करना सभी का दायित्व है। इस अवसर पर प्रो. एलएस लोधियाल,प्रो.अनिल बिष्ट,प्रो.नीलू लोधियाल,डॉ.नवीन पांडे और लीला पंत ने भी पौधरोपण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी