कोटद्वार मेले में चाकूबाजी के दो आरोपित सगे भाई गिरफ्तार

 


पौड़ी गढ़वाल, 04 अगस्त (हि.स.)। लकड़ी पड़ाव स्थित सिद्धबली पब्लिक स्कूल के पास आयोजित मेले में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि बीती 1 अगस्त को काशीरामपुर निवासी इंदु ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र मेले में गया था, जहां किसी बात को लेकर दो युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने उसके गले, गर्दन और सिर पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने काशीरामपुर तल्ला निवासी सगे भाई मयंक (20 वर्ष) और प्रवीण कुमार (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह