किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की अधिसूचना जारी
देहरादून, 08 सितंबर (हि.स.)। ऊधमसिंहनगर जिले की नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां के अध्यक्ष एवं सदस्यों के निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि दोनों नगर पालिकाओं में निर्वाचन प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर स्थानीय निकाय चुनाव के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 और 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 22 सितंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना 24 सितंबर को सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच एवं वापसी, निर्वाचन प्रतीक आवंटन और मतगणना की कार्रवाई संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थानों पर कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय