केदारनाथ में व्यापारियों का धरना समाप्त, यात्रा व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित

 


रुद्रप्रयाग, 03 अक्टूबर (हि.स.)। केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों की ओर से किया जा रहा धरना शनिवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से वार्ता के बाद समाप्त हो गया। प्रशासन के अनुसार इसके बाद धाम में यात्रा व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

प्रशासन ने शनिवार को केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके विरोध में केदारनाथ धाम व्यापारी संघ और स्थानीय दुकानदारों ने हेलीपैड परिसर में धरने पर बैठ गए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों से वार्ता की। उन्होंने उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से संबंधित पक्षों को आवश्यक जानकारी देकर स्थिति स्पष्ट की गई। वार्ता के बाद अपराह्न करीब 3:30 बजे व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों ने धरना समाप्त कर दिया। जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान में केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही, दर्शन व्यवस्था और यात्रा से जुड़ी अन्य गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

प्रशासन ने यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी किए जाने की बात कही है। साथ ही यात्रा से जुड़े सभी पक्षों से आपसी सहयोग, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय