केदारनाथ यात्रा : मार्ग से बर्फ हटाने का काम तेज, सुरक्षा भी बढ़ाई
देहरादून, 13 अप्रैल (हि.स.)। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इस साल 22 अप्रैल से शुरू होने वाली केदारनाथ के मार्ग पर बर्फ हटाने काे काम तेजी से किया जा रहा है। कई स्थानाें पर चार से पांच
फीट तक बर्फ जमी है। साेमवार काे रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा व पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने केदारनाथ धाम पहुंच कर वहांव्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि यात्रा शुरू होने से पूर्व धाम में सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने पैदल मार्ग पर भी निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि केदारनाथ धाम में वर्तमान समय में भारी मात्रा में बर्फ जमी हुई है। कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक बर्फ मौजूद है, जिसे हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। धाम क्षेत्र में 60 से अधिक श्रमिक व ट्रैक रूट पर 70 से 75 मजदूर तैनात किए गए हैं। पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जल्द ही पूरे ट्रेक रूट का पुनर्निर्माण पूर्ण हो जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल