9 जुलाई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आएंगे केसी वेणुगोपाल
-केसी वेणुगोपाल कांग्रेस नेताओं के साथ करेंगे कई अहम बैठकें
देहरादून, 05 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद केसी वेणुगोपाल 9 जुलाई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। दौरे के दौरान वे प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने शनिवार को बताया कि केसी वेणुगोपाल 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय इलेक्शन कमेटी (सीईसी) के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा सीडब्ल्यूसी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
इसके बाद अपराह्न 2 बजे वे प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। शाम 4 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों से संवाद करेंगे, जबकि शाम 6 बजे पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।
10 जुलाई को प्रातः 10 बजे से केसी वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अपराह्न 3 बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे और फिर नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल