नैनीताल विधानसभा से कमला ने की भाजपा से दावेदारी

 


नैनीताल, 13 नवंबर (हि.स.)। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमला आर्य ने आगामी विधानसभा चुनाव में नैनीताल सीट से अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारे के साथ पार्टी नेतृत्व से टिकट देने की मांग करते हुए महिला प्रतिनिधित्व को मजबूत बनाने की आवश्यकता जताई है।

शुक्रवार को राज्य अतिथि गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में कमला आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में पहल की है। ऐसे में राजनीति में महिलाओं को आगे आने के अधिक अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि वह भी महिला प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के उद्देश्य से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं और पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी रख चुकी हैं।

कमला आर्य ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की ओर से कई विकास कार्य किये जा रहे हैं, लेकिन नैनीताल विधानसभा क्षेत्र की जनता मौजूदा विधायक के कार्यों से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों में विधायक के प्रति नाराजगी है, जिसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़कर कार्य कर रही हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरकर पार्टी की जीत के लिए प्रयास करना चाहती हैं। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से महिला दावेदारों को अवसर देने और नैनीताल सीट से उन्हें प्रत्याशी बनाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी