चिड़ोंवाली में क्षतिग्रस्त पुल का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण
देहरादून, 29 अगस्त (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को चिड़ोंवाली के मंदाकिनी विहार में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुल पर हुए धंसाव के कारण उत्पन्न स्थिति को गंभीरता से लेते हुए धंसाव वाले स्थान पर तत्काल भरान कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कैबिनेट मंत्री जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर नए पुल के निर्माण की डीपीआर तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि पुल के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिस स्थान पर पुल का धंसाव हुआ है, वहां तत्काल बैरिकेडिंग की जाए और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुल एवं आसपास के क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं।
----------+
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल