झूठे आश्वासन नहीं इणियां में जारी करें मेडिकल कॉलेज का जीओ
नई टिहरी, 17 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का धरना और क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। कहा कि मेडिकल कॉलेज के नाम पर दिए जा रहे झूठे आश्वासन की बजाए तथ्यों पर जनप्रतिनिधि काम करें और इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण का जीओ जारी करें।
बीती शाम को आंदोलनकारियों ने गणेश की मूर्ति के सामने आरती कर रात्रि जागरण किया। सोमवार को भी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में गणेश चौक बौराड़ी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जीतराम भट्ट, व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिवराज सजवाण, महासचिव संदीप रावत, गंगाधर चमोली, अमरीश पाल, बलवीर तोपवाल, मनोज शाह, शीशपाल रावत, सुरेंद्र पंवार, आनंद सजवाण, सोनी सजवाण, गिरवीर कठैत 24 घंटे के क्रमिक अनशन पर बैठे।
उनके समर्थन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने धरना देते हुए सरकार पर टिहरी की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि सरकार जानबूझकर नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के मुद्दे को लटका रही है। सीएम घोषणा, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज इणियां में भूमि चयन हो चुका है। कार्यदायी संस्था ने डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी है। ऐसे में अब सरकार को डीपीआर स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू करना चाहिए। लेकिन स्वास्थ्य मंत्री डीपीआर दूसरे स्थान पर भूमि तलाशने में लगे हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी