कैंचीधाम क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, तीन नमूने जांच को भेजे

 


नैनीताल, 25 अगस्त (हि.स.)। खाद्य संरक्षा आयुक्त, औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को संयुक्त टीम ने श्रीकैंचीधाम क्षेत्र के कैंची, छड़ा, खैरना और गरमपानी में एक दर्जन से अधिक रेस्टोरेंट, किराना, फल-सब्जी एवं मिठाई प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता पर संदेह होने पर संतरा जूस, आंवला जूस और मलाई पेड़ा के तीन खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गये हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का अनुपालन न करने पर दो प्रतिष्ठानों को ऑनलाइन नोटिस जारी किए गए हैं। 15 दिन में अनुपालन न होने पर काेर्ट में चालान की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एक प्रतिष्ठान में कालातीत खाद्य सामग्री मिलने पर भी कोर्ट चालान की कार्रवाई प्रस्तावित की गई।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रतिष्ठान संचालकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने, बिना बिल खरीद न करने, स्टॉक का विवरण रखने, कालातीत सामग्री का भंडारण एवं बिक्री न करने तथा प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा बैच नंबर स्पष्ट रखने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, बिल, कैश मेमो देने और एफएसएसएआई लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं से भी मिलावट की आशंका होने पर विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। निरीक्षण करने वाली संयुक्त टीम में तहसीलदार भुवन भंडारी सहित अन्य संबंधित विभागीय कर्मचारी भी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी