राजस्व वसूली बढ़ाने और पुराने वादों के निस्तारण पर डीएम का जोर

 

पौड़ी गढ़वाल, 18 जुलाई (हि.स.)।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व संग्रहण एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में राजस्व वसूली बढ़ाने, लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण और विभागीय कार्यों में समयबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की राजस्व प्राप्ति पिछले वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए और कम वसूली वाले विभाग कारणों का विश्लेषण कर लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाएं।

बैठक में अवैध खनन व भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, खासकर कोटद्वार क्षेत्र में कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। अवैध भंडारण के चालान के बावजूद धनराशि जमा नहीं करने वालों को नोटिस जारी कर आवश्यकता पड़ने पर आरसी की कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही वैध खनन पट्टों का नियमित निरीक्षण और रॉयल्टी की जांच के निर्देश दिए गए।

राज्य कर विभाग को राजस्व संग्रह बढ़ाने और कौड़िया चेकपोस्ट पर निगरानी मजबूत करने, जबकि आबकारी विभाग को दूसरी सुरक्षा किश्त जमा न करने वाली मदिरा दुकानों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन, जिला पंचायत, विद्युत, वन, परिवहन, निबंधन और सिंचाई विभागों को भी राजस्व बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने पांच वर्ष से अधिक पुराने राजस्व वादों की साप्ताहिक सुनवाई कर शीघ्र निस्तारण करने, धारा 166 एवं 167 के मामलों को प्राथमिकता देने तथा बड़े बकायेदारों से वसूली अभियान तेज करने के निर्देश दिए। सभी पीठासीन अधिकारियों को अपने न्यायालयों का निरीक्षण कर लंबित मामलों की सूची तैयार करने और एक माह के भीतर अधिकाधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा में डीएम ने सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने, राशन कार्डों का सत्यापन कराने तथा आपदा की दृष्टि से गोदामों में अतिरिक्त खाद्यान्न, राहत किट और आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत सामग्री बिना विलंब प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह