घर-घर पहचान कर पात्रों को योजनाओं से जोड़ें: डीएम
पौड़ी गढ़वाल, 18 जुलाई (हि.स.)।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कहा कि आवेदन आने का इंतजार करने के बजाय घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके आवेदन भरवाए जाएं। उन्होंने पेंशन, छात्रवृत्ति समेत सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत संतृप्तीकरण करने और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एसओपी तैयार कर उसकी नियमित निगरानी करने को कहा।
उन्होंने ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में पात्र और लाभांवित लोगों का विवरण 15 अगस्त तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति विवाह अनुदान, अटल आवास योजना और शहरी क्षेत्रों में वार्डवार पेंशन सत्यापन को भी अभियान के रूप में संचालित करने को कहा।
छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा में जिलाधिकारी ने एससी-एसटी व ओबीसी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण करने व 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले पात्र विद्यार्थियों को मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अशोक जोशी को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह