होटल-होम स्टे इकाइयों का निरीक्षण, दो का पंजीकरण निरस्त, पांच पर जुर्माना
नैनीताल, 31 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल के जिलाधिकारी के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने जिले में अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित होटल और होम स्टे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए शुक्रवार को 22 पर्यटन इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो होम स्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया, जबकि पांच इकाइयों पर बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित क्षमता से अधिक संचालन करने पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। चार इकाइयों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य के नेतृत्व में कैचीधाम, तल्ला गेठिया, कोटाबाग, स्यात, बैलपड़ाव और रामनगर क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रही होम स्टे इकाइयों का निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच में 11 पर्यटन इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित मिलीं। जबकि कैचीधाम स्थित गुरु महिमा होटल, तल्ला गेठिया स्थित माटी बाई द लेक हिल, स्यात कोटाबाग स्थित रिवर रैंच होम स्टे, कोटाबाग स्थित सुकून रिसोर्ट तथा व्हाइट हाउस होम स्टे पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। जबकि स्यात कोटाबाग स्थित रिवर रैंच होम स्टे तथा बैलपड़ाव स्थित मलबरी होम स्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया। कीर्ति चंद्र आर्य ने बताया कि नियम विरुद्ध संचालित होटल और होम स्टे के विरुद्ध अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा तथा मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी