होम स्टे नियमों के उल्लंघन करने वालों पर हुई कड़ी कार्रवाई

 


नैनीताल, 25 जुलाई (हि.स.)। जिला पर्यटन विकास अधिकारी, नैनीताल कीर्ति आर्या व तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट ने जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन के तहत शनिवार को जनपद में संचालित होम स्टे इकाइयों का निरीक्षण किया गया।

इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुल 11 होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। वहीं जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई भी की गई। निरीक्षण के दौरान 05 होम स्टे इकाइयों को होम स्टे नियमावली के प्राविधानों के उल्लंघन के तहत नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा 02 इकाइयों पर क्रमश: ₹10-₹10 हजार का अर्थदण्ड लगाया गया। वहीं 02 होम स्टे इकाइयों के विरुद्ध निरस्तीकरण की संस्तुति की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जनपद में होम स्टे इकाइयों का निरंतर भौतिक निरीक्षण जारी रहेगा। पर्यटकों की सुरक्षा और मानकों को ध्यान में रखते हुए यदि किसी भी इकाई में अनियमितता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी होम स्टे संचालकों से कहा है कि वे होम स्टे नीति व नियमावली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी