भारत-तिब्बत सीमा व्यापार के लिए व्यापारियों को बांटे गए परमिट

 


पिथौरागढ़, 23 जून (हि.स.)। भारत-तिब्बत सीमा व्यापार को पुनः गति देने की दिशा में मंगलवार को धारचूला में व्यापारियों को व्यापारिक परमिट वितरित किए गए।

उपजिलाधिकारी एवं ट्रेड अधिकारी आशीष जोशी ने ट्रेड कार्यालय धारचूला में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों को परमिट सौंपे। उपजिलाधिकारी ने बताया कि भारत-तिब्बत सीमा व्यापार के लिए कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से अब तक 26 परमिट तैयार किए जा चुके हैं, जिनमें 17 परमिट भारतीय व्यापारियों और नौ परमिट भारतीय सहायकों (हेल्परों) को जारी किए गए हैं।

कार्यक्रम में भारत-तिब्बत सीमा व्यापार संघ के अध्यक्ष जीवन सिंह रौकली, महासचिव दौलत सिंह राइपा, बिशन सिंह गर्ब्याल, रतन सिंह राइपा, चक्कर सिंह बुधियाल सहित अन्य व्यापारियों को परमिट प्रदान किए गए।

आशीष जोशी ने बताया कि गुंजी में कस्टम संबंधी औपचारिक प्रक्रियाएं भी शुरू कर दी गई हैं। व्यापारियों की समस्याओं और लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए तैयार हो चुके परमिट तत्काल जारी करने का निर्णय लिया गया है। शेष आवेदनों के सापेक्ष परमिट जारी करने की प्रक्रिया भी निरंतर जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि भारत-तिब्बत सीमा व्यापार के पुनः संचालन से सीमांत क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस वर्ष व्यापार में युवाओं की भागीदारी भी बढ़ी है। नवयुवक व्यापारी के रूप में सुनील गर्ब्याल के साथ एक महिला व्यापारी भी इस व्यापारिक गतिविधि से जुड़ने जा रही हैं।

प्रशासन का मानना है कि भारत-तिब्बत सीमा व्यापार के फिर से शुरू होने से सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय