नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ बीजीआर परिसर में कार्यशाला, युवाओं ने ली शपथ

 


पौड़ी गढ़वाल, 02 अगस्त (हि.स.)। हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. बी.जी.आर. परिसर, पौड़ी में रविवार को नशा मुक्त युवा–विकसित भारत, ड्रग फ्री इंडिया बाय 2047 विषय पर प्रारंभिक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संबोधन के सजीव प्रसारण से हुई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। परिसर निदेशक प्रो. उमेश चंद्र गैरोला ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच ही युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रख सकती है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, शोध, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील की। उप अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुरेश चंद्र गैरोला ने कहा कि 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत परिसर में आगे भी जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत हो सके।

कार्यशाला में प्रो. एम.सी. पुरोहित, प्रो. अनूप पांडे, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह नेगी, मनीष खंडूड़ी, छात्रा दुर्गा और मनोज चौहान ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य और सामाजिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह