किशन महिपाल, हेमा नेगी करासी, रेशमा शाह, अमित सागर के गीतों पर झूमे दर्शक

 


पौड़ी गढ़वाल, 19 नवंबर (हि.स.)। पालिका की ओर से तीन दिवसीय शरदोत्सव का विभिन्न लोक गायकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ही समापन हो गया। बीते बुधवार लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। शहर के रामलीला मैदान में अंतिम संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगायिका हेमा नेगी करासी, रेशमा शाह, लोक गायक किशन महिपाल और अमित सागर ने अपने कार्यक्रमों की अलग छाप छोड़ी।

हेमा करासी के जै नन्दा भगवती स्तुति से कार्यक्रम की शुरूवात हुई। उन्होंने जागर शैली में ऊंचा डांडा कांठा मा तेरु तंबू तन्येणु चा, भलु लगदु मेरु मुल्क स्वाणु रे और गेर गेंदुवा की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

रेशमा शाह के जौनसारी गीत नृत्य ले भुजी जाला ले चुड़ा, अमित सागर के चैता की चैत्वाली और किशन महिपाल के स्याली भांपाली व जिया कोरी कोरी खांदू खांदू पर दर्शक भी थिरकने के मजबूर हो गए। नृत्य निर्देशन अंकित नेगी और संगीत संयोजन सुभाष पांडे का रहा।

सांस्कृतिक संध्या का एडीएम पीआर चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन किया। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, सीटीओ नमिता सिंह, पूर्व जिपं अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, राम सिंह रावत, वीरेंद्र रावत, वीरेंद्र खंकरियाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह