एसओटीएफ कुमाऊं की कार्रवाई में मेडिकल स्टोर से नशीली दवाइयों का बड़ा जखीरा बरामद
नैनीताल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ संकल्प के तहत कुमाऊं परिक्षेत्र में नशे के विरुद्ध अभियान में आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में कुमाऊं परिक्षेत्र की एसओटीएफ यानी स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स को उधमसिंह नगर जनपद के थाना पुलभट्टा क्षेत्र में बड़ी मिली है।
कुमाऊं परिक्षेत्र पुलिस कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार आईजी कुमाऊं तथा स्वास्थ्य सचिव के निर्देशों के क्रम में मुखबिर की सूचना पर औषधि नियंत्रक विभाग, एसओटीएफ कुमाऊं तथा पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त जांच के दौरान पुलभट्टा में एएसके मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। इस कार्रवाई में मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित व नियंत्रित नशीली दवाइयों-ट्रामाडोल के 14,472 कैप्सूल, अल्प्राजोलम की 5,670 टैबलेट तथा ट्रामाडोल के 50 इंजेक्शन बरामद हुए।
बताया गया कि मेडिकल स्टोर शकूर खान पुत्र सब्बीर खान निवासी शक्तिफार्म रोड ग्राम सेदोरा चौकी बरा थाना पुलभट्टा संचालित कर रहा था। इस संबंध में थाना पुलभट्टा में आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स कुमाऊं की टीम, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, निधि शर्मा, उप निरीक्षक दिनेश भट्ट तथा आरक्षी अनिल शामिल रहे। कुमाऊं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी