मेजबान शेरवुड कॉलेज ने जीता इनविटेशनल सॉकर टूर्नामेंट
नैनीताल, 11 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल के प्रतिष्ठित शेरवुड कॉलेज ने अपने यहां आयोजित इनविटेशनल सॉकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। प्रतियोगिता के मंगलवार को खेले गये रोमांचक मुकाबले में शेरवुड कॉलेज ने नई दिल्ली के मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड को 2-0 से हरा दिया। शेरवुड के लिये अली अब्बास रजा ने 20वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि दूसरे हाफ में जियान हजारिका ने 64वें मिनट में दूसरा गोल कर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। वहीं मॉडर्न स्कूल के खिलाड़ियों ने वापसी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन वे गोल करने में सफल नहीं हो सके।
फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण शेरवुड कॉलेज के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ऑल सेंट्स कॉलेज की प्रधानाचार्या ए रिचर्ड भी उपस्थित रहीं। शेरवुड के जियान हजारिका को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। शेरवुड के फुटबॉल कप्तान हरजन प्रताप को बेस्ट डिफेंडर तथा मेहर पटेल को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार मिला। गोल्डन बूट का पुरस्कार मॉडर्न स्कूल के जय सिंह और शेरवुड के अली अब्बास को संयुक्त रूप से दिया गया। दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में आठ-आठ गोल किए। फेयर प्ले ट्रॉफी पाइनग्रोव स्कूल सोलन, हिमाचल प्रदेश को प्रदान की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी