होम स्टे और गेस्ट हाउसों पर निरीक्षण में मिली अनियमितताएं मिलीं
हल्द्वानी , 11 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को एस डी एम प्रमोद कुमार ने शहर के दमुवाढूंगा क्षेत्र स्थित दो होमस्टे का निरीक्षण करा इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं। प्रशासन की ओर से की गई जांच में अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग और नियमों के पालन में लापरवाही पाई गई।
निरीक्षण के दौरान जे.डी. होम स्टे में कुल आठ कमरे संचालित मिले। जांच टीम ने पाया कि होमस्टे में रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी और अग्निशमन यंत्रों की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था पड़ोसी की भूमि पर की जा रही थी, लेकिन इसके लिए कोई अनुबंध प्रस्तुत नहीं किया गया। यह भी सामने आया कि प्रतिष्ठान का पंजीकरण टूरिस्ट गेस्ट हाउस के रूप में है, जबकि संचालन होमस्टे के नाम से किया जा रहा है।
वहीं कुटुंब होम स्टे में निरीक्षण के दौरान भवन स्वामी मौके पर नहीं मिले और केयरटेकर मौजूद था। जांच में पता चला कि भवन स्वामी स्वयं परिसर में निवास नहीं करते, जो होमस्टे नियमावली के खिलाफ है। यहां भी रेट लिस्ट नहीं लगी मिली और अग्निशमन यंत्रों पर समाप्ति तिथि अंकित नहीं थी। केयरटेकर का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था। प्रशासन ने दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की है। कुटुंब होम स्टे का पंजीकरण निरस्त करने की भी सिफारिश की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता