हिमालय क्रांति पार्टी ने ग्रामीणों के साथ किया संवाद
पौड़ी गढ़वाल, 13 अप्रैल (हि.स.)। विकास खंड पौड़ी के ग्राम पिसौली में हिमालय क्रांति पार्टी ने ग्रामीणों के साथ बैठक में संवाद किया। इस दौरान विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। पार्टी के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को पार्टी के विजन एक परिवार एक रोजगार , सशक्त भूकानून, राजधानी गैरसैंण और मूल निवास 1950 के बारे में जानकारी दी। कहा कि पार्टी हमेशा उनके हर छोटी बड़ी परेशानियों में उनके साथ खड़ी रहेगी।
पिसौली में आयोजित बैठक में हिमालय क्रांति पार्टी के प्रदेश महासचिव डा. दिनेश सिंह बिष्ट ने कहा कि पार्टी राजनीति के बजाए धरातल पर कार्य करने पर विश्वास करती है। बताया कि अभी डीयू में एडमिशन चल रहे हैं। यदि किसी का बच्चा वहां एडमिशन चाहता है और उसके इंट्रेंस एग्जाम की कोचिंग चाहता हो तो पार्टी दिल्ली में फ्री कोचिंग दे रही है। उत्तराखंड में अविवाहित युवाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के अंदर वर्तमान में 40 वर्ष की उम्र पार कर चुके ऐसे युवाओं की संख्या लगभग 60 हजार तक पहुंच गई है। यदि ऐसे युवाओं का विवाह नहीं हो पाता है तो भविष्य में भारी जनसांख्यिकीय असंतुलन बढ़ जाएगा और उत्तराखंड धीरे- धीरे मूल उत्तराखंडी लोगों से मुक्त होकर बाहरी राज्यों के निवासियों से युक्त हो जाएगा।
कहा कि भविष्य में हिमालय क्रांति पार्टी की सरकार बनने पर विभिन्न समस्याओं के हल के लिए नीति बनाई जाएगी। जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पार्टी स्थानीय व्यक्तियों को प्रतिनिधित्व देने पर विश्वास करती है जिससे क्षेत्रीय समझ होने के कारण समस्याओं का निदान सरलता से हो सके। उन्होंने मातृशक्ति और युवाशक्ति से पार्टी में जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर पिसौली महिला समूह की लक्ष्मी देवी, नगर महासचिव विपिन कुकरेती, पौड़ी नगर कार्यालय प्रभारी कुलदीप सिंह, देवेंद्र सिंह गुसांई, कृष्ण लाल, राजेंद्र लाल, लक्ष्मी, प्रिया, धनेश्वरी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह