उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के गणित के प्रश्नपत्र पर विवाद, बोनस अंक की मांग

 


नैनीताल, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के गणित के परीक्षा के प्रश्नपत्रों में त्रुटियों और पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय नेता नवेंदु मठपाल के नेतृत्व में परिषद के सचिव वीपी सिमल्टी से मुलाकात कर इस ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए विद्यार्थियों को बोनस अंक देने की मांग की है। शिक्षक संघ के अनुसार हाईस्कूल के गणित के प्रश्नपत्र में संकेतांक 231 (एचआरजी) के प्रश्न संख्या 22 में समतल आकृतियों के संयोजन के क्षेत्रफल से संबंधित प्रश्न पूछा गया, जो प्रश्नावली 12.3 पर आधारित था। संगठन का कहना है कि यह प्रश्नावली सत्र 2023-24 से निर्धारित पाठ्यक्रम से हटाई जा चुकी है, ऐसे में इसे पाठ्यक्रम से बाहर का प्रश्न माना जाना चाहिए। इससे छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी है।

वहीं, इंटरमीडिएट गणित प्रश्नपत्र संकेतांक 428 (आईआरएस) में भी त्रुटियों का आरोप लगाया गया है। संगठन के मुताबिक प्रश्न संख्या 1 (ञ) में सही विकल्प उपलब्ध नहीं था, जबकि प्रश्न संख्या 14 में प्रिंटिंग त्रुटि रही। बताया गया कि प्रश्न में सी को 3×3 आव्यूह के रूप में दर्शाया जाना चाहिए था, जिससे प्रश्न तार्किक बनता।

शिक्षक संघ ने मांग की है कि विषय विशेषज्ञों से इन प्रश्नों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और छात्रहित में सभी परीक्षार्थियों को समान रूप से बोनस अंक प्रदान किए जाएं। उनकी शिकायत पर परिषद के सचिव वीपी सिमल्टी ने आश्वस्त किया कि विशेषज्ञों से जांच कराकर रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा तथा विद्यार्थियों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वार्ता में अजय धस्माना, नवीन तिवारी, बालकृष्ण चंद और देवेंद्र सिंह भाकुनी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी