टिहरी में 1.17 लाख के सापेक्ष 1.15 लाख नाेटिस की सुनवाई हाे गई पूरी : एडीएम
नई टिहरी, 25 अगस्त (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के अंतर्गत प्राप्त दावे व आपत्तियों के निस्तारण की सुनवाई के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न हुई।
मंगलवार को हुई बैठक में एडीएम नेगी ने बताया कि एसआईआर के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। जनपद में प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 31 अगस्त तक लक्ष्य रखा गया है। 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन प्रस्तावित है। जिले की 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 994 मतदान केंद्रों पर 4 लाख 63 हजार 628 मतदाता दर्ज हैं।
प्रकाशित निर्वाचक नामावली के उपरांत अनमैप एवं विसंगति की श्रेणी में चिह्नित निर्वाचकों को नोटिस वितरित कर सुनवाई की जा रही है। कुल 1 लाख 17 हजार 501 नोटिस जारी व बांटे गए हैं। अब तक 1 लाख 15 हजार 115 नोटिसों की सुनवाई कर ली है। 2386 नोटिसों पर सुनवाई शेष है। देवप्रयाग में सभी 19131 नोटिसों की सुनवाई कर ली है। घनसाली में 97.74 प्रतिशत, नरेंद्रनगर में 96.87 प्रतिशत, प्रतापनगर में 99.12 प्रतिशत, टिहरी में 94.89 प्रतिशत जबकि धनोल्टी में 99.36 प्रतिशत सुनवाई पूरी हो गई है। इस मौके पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, भाजपा के राजेंद्र डोभाल, जयेंद्र पंवार, कांग्रेस से गब्बर रावत, नवीन सेमवाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी