ढोलीगांव स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की अनुपस्थिति का फार्मेसी अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
नैनीताल, 07 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के ओखलकांडा विकासखंड के ढोली गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति संबंधी सूचनाओं पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया।
जांच में स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधिकारी का पद रिक्त पाया गया, जबकि बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर फार्मेसी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर डॉ. गणेश धर्मशक्तू के नेतृत्व में टीम ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजिका और अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के समय एक नर्सिंग अधिकारी और फार्मेसी अधिकारी उपस्थित मिले। जांच में पाया गया कि केंद्र में तीन नर्सिंग अधिकारी (दो नियमित और एक संविदा), एक फार्मेसी अधिकारी तथा एक एएनएम तैनात हैं, जबकि चिकित्सा अधिकारी, स्वच्छक और वार्ड बॉय के पद रिक्त हैं। छह जुलाई को कर्मचारियों की अनुपस्थिति संबंधी मामले में पूछताछ के दौरान स्पष्ट हुआ कि दो नर्सिंग अधिकारी और एएनएम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में आयोजित एमपीआर बैठक में गए थे, जिसकी पुष्टि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और उपस्थिति पंजिका से हुई।
वहीं फार्मेसी अधिकारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए और उपस्थिति पंजिका में उनके हस्ताक्षर भी नहीं थे। इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा अग्रिम आदेश तक छह जुलाई का वेतन आहरित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. गणेश धर्मशक्तू ने बताया कि चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति के लिए महानिदेशालय को पूर्व में पत्र भेजा जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी