स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर मार्ग का लोकार्पण
हरिद्वार, 19 फरवरी (हि.स.)। महाकालेश्वर महादेव मंदिर प्रज्ञा कुंज जगजीतपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय राजेन्द्र बहादुर सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर लक्सर रोड से गंगा तट जाने वाले संपर्क मार्ग का नाम राजेन्द्र बहादुर सिंह के नाम पर रखा और मार्ग का लोकार्पण नगर निगम हरिद्वार महापौर अनीता शर्मा ने किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पुत्र जितेन्द्र रघुवंशी एवं बृजेन्द्र रघुवंशी ने अपने पिता के कर्तव्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे पिता गांधीवादी विचारधारा के क्रांतिकारी थे। सन 1936 से 38 में बापू के साथ वर्धा आश्रम में रहे। 17 वर्ष पूर्व महाशिवरात्रि के भंडारे के दिन ही उनका निधन हुआ था। इस अवसर पर महापौर अनीता शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कम से कम हरिद्वार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से मार्गों का निर्धारण हुआ और पहले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजेन्द्र बहादुर सिंह मार्ग का आज लोकार्पण करने का मुझे सौभाग्य मिला।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी मुरली मनोहर ने कहा कि हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इतिहास को भूलना नहीं चाहिए। न जाने कितनी कुर्बानियों के बाद यह देश आजाद हुआ। आज उनका इतिहास मिटाया जा रहा है। हमें अपने पूर्वजों का अनुकरण करते हुए अपने अंदर वह देश भक्ति की ज्वाला प्रज्वलित करना चाहिए जिससे आजादी का इतिहास कलंकित होने से बच सके।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, ललित कुमार चौहान, अशोक कुमार चौहान, सुभाष चन्द्र चौहान, डॉ वेद प्रकाश आर्य, अमन गर्ग, बृजेश कुमार सिंह, दीपक शर्मा, नीरज गुप्ता, सुरेश कुमार सहित बद्री विहार तथा उमराव एनक्लेव कालोनी वासी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत