हरेला सप्ताह: 130 इन्फैंट्री बटालियन ने बनानी में रोपे 10 हजार पौधे

 


पिथौरागढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। हरेला सप्ताह के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ ने शुक्रवार को बनानी क्षेत्र में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाकर 10 हजार पौधों का रोपण किया। अभियान में ग्राम पंचायतों, स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।

बटालियन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसहभागिता के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान अधिकारियों, सैनिकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

बटालियन ने हरेला सप्ताह के दौरान 70 हजार पौधों के रोपण एवं बीजारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान का समापन 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर लेलू ग्राम में आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ होगा।

समापन कार्यक्रम में राज्य वन विभाग, जिला प्रशासन, भारतीय सेना, अर्द्धसैनिक बल, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों, स्थानीय नागरिकों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता प्रस्तावित है।

उल्लेखनीय है कि 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊं पिछले तीन दशकों से कुमाऊँ क्षेत्र में वनीकरण, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए कार्य कर रही है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय