टिहरी बांध की झील में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
नई टिहरी, 14 अगस्त (हि.स.)। टिहरी जिला प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी की संयुक्त पहल पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को डीएम नितिका खंडेलवाल के नेतृत्व में टिहरी झील में तिरंगा लहराकर देशभक्ति से ओतप्रोत बोटिंग यात्रा की गई। कोटी कॉलोनी स्थित बोटिंग प्वाइंट से शुरू हुई यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, जनप्रतिनिधि, बोटिंग एसोसिएशन सहित कर्द अन्य लोग बोट पर सवार होकर टिहरी झील के बीच पहुंचे।
हाथों में लहराते तिरंगों से झील का विशाल जल क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। डीएम नितिका ने कोटी कॉलोनी स्थित बोटिंग प्वाइंट पहुंचकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने स्वयं हाथों में तिरंगा लेकर नाव पर सवार हुई। टिहरी झील के मध्य निकली तिरंगा यात्रा में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, प्रगति रावत, विजय कठैत, परमवीर पंवार, पवन शाह मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी