मजबूत लोकतंत्र के लिए शत-प्रतिशत मतदान करें : राज्यपाल

 


-राज्यपाल ने पहली बार मतदाता बने युवाओं को पहचान पत्र देकर किया सम्मानित

देहरादून, 25 जनवरी (हि.स.)। राज्यपाल ने प्रथम बार मतदाता बन रहे युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश-प्रदेश के विकास में शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। यह हमारा कर्तव्य ही नहीं जिम्मेदारी भी है।

राजभवन ऑडिटोरियम में 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं को मतदाता बैज और फोटो युक्त पहचान पत्र प्रदान कर सम्मानित कार्यक्रम में यह बातें कहीं। इस दौरान राज्यपाल ने उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाते हुए कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए ईमानदार, कर्मठ, कुशल जनप्रतिनिधि चुनने के लिए जागरूक मतदाता का होना आवश्यक है।

राज्यपाल ने कहा कि इस दौरान कहा कि हमारे जीवंत लोकतंत्र के संचालन में चुनाव प्रक्रिया की प्रमुख भूमिका है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हम सभी को शत-प्रतिशत मतदान में भागीदारी के लिए सहभागिता करना आवश्यक है। नये मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किये जाने के साथ-साथ उन्हें मताधिकार का महत्व बताया जाना जरूरी है।

पद्मश्री कल्याण सिंह और भरतवाण को किया सम्मानित -

इस दौरान उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए राज्य के निर्वाचन आइकॉन पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ और पद्मश्री प्रीतम भरतवाण को सम्मानित किया। इस मौके पर राज्यपाल ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 में निर्वाचन प्रबंधन, स्वीप, एक्सेसिबल इलेक्शन आदि क्षेत्रों में एवं मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।

गीत ‘मैं भारत हूँ’ का भी अनावरण-

राज्यपाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से तैयार किये गये कैलेंडर का विमोचन किया। इस दौरान राज्यपाल के सम्मुख निर्वाचन आयोग की ओर से तैयार किये गए मतदाता गीत ‘मैं भारत हूं’ का भी अनावरण किया गया।

जनपद व ब्लॉक में हुआ कार्यक्रम : सचिव

सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा से उपस्थित लोगों को बताया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा इस वर्ष की थीम ‘वोट जैसा कुछ नहीं, मैं वोट जरूर करूंगा’ है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रत्येक जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं।

सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची-

डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर पी रेणुका देवी,जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सौरभ गहरवार, जिलाधिकारी उत्तरकाशी अभिषेक रुहेला, जिलाधिकारी बागेश्वर अनुराधा पाल, अपर जिलाधिकारी उत्तरकाशी तीरथ पाल सिंह,अपर जिलाधिकारी बागेश्वर चंद्र सिंह इमलाल, उप जिलाधिकारी जसपुर सीमा विश्वकर्मा, उप जिलाधिकारी पुरोला जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सितारगंज तुषार सैनी, उप जिलाधिकारी गदरपुर राकेश चंद्र तिवारी, उप जिलाधिकारी भटवाड़ी चतर सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी किच्छा कोस्तुभ मिश्रा,उप जिलाधिकारी धनोल्टी लक्ष्मी राज चौहान,तहसीलदार जसपुर पुनम पंत, तहसीलदार पुरोला शीशपाल सिंह असवाल, तहसीलदार सितारगंज जगमोहन त्रिपाठी, तहसीलदार गदरपुर देवेंद्र सिंह बिष्ट, तहसीलदार भटवाड़ी सुरेश चंद्र भटृ, तहसीलदार नैनबाग साक्षी उपाध्याय, तहसीलदार कंडीसौण किशन सिंह मंहत, तहसीलदार जोशियाड़ा सुरेश प्रसाद सेमवाल शामिल हैं।

इस मौके पर राज्य निर्वाचन आयुक्त चन्द्रशेखर भट्ट, मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी.रविशंकर, अपर सचिव राज्यपाल स्वाति एस.भदौरिया, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप सिंह शाह, राज्य नोडल अधिकारी स्वीप मो.असलम सहित निर्वाचन विभाग से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश