राज्यपाल ने ‘फिन बोध’ ऐप, लोकभाषाओं के ‘उत्तरावाणी’ ऐप और होमस्टे प्रबंधन की पाठ्य सामग्री का किया लोकार्पण

 


नैनीताल, 26 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने लोक भवन में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘फिन बोध’ एवं ‘उत्तरावाणी’ ऐप तथा असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्य सामग्री का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इन पहलों को उत्तराखण्ड की आर्थिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षमता को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

राज्यपाल ने कहा कि ‘फिन बोध’ ऐप वित्तीय साक्षरता को सरल और व्यवहारिक रूप में आमजन तक पहुंचाने का अभिनव माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए निवेश, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, कर नियोजन एवं वित्तीय परिसंपत्तियों की जानकारी आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि ऐप आधारित माध्यमों से युवा तेजी से सीखते हैं और यह पहल वित्तीय जागरूकता बढ़ाने में उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने ‘उत्तरावाणी’ ऐप को उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, भाषाओं और परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। राज्यपाल ने कहा कि यह मंच कुमाउनी, गढ़वाली, जौनसारी सहित विभिन्न लोकभाषाओं, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक रेडियो आधारित यह प्लेटफॉर्म दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने और स्थानीय ज्ञान को वैश्विक मंच देने का कार्य करेगा।

राज्यपाल ने होमस्टे प्रबंधन की पाठ्य सामग्री पर कहा कि होमस्टे पर्यटन पर आधारिक प्रबंधन पाठ्य सामग्री पर कहा कि यह पहल युवाओं को स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में होमस्टे पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को गांवों में ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। यह पाठ्य सामग्री युवाओं को होमस्टे प्रबंधन, अतिथि सत्कार एवं पर्यटन सेवाओं के लिए प्रशिक्षित करेगी।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को इन पहलों के लिए बधाई देते हुए कहा कि ये प्रयास राज्य के आर्थिक विकास, सांस्कृतिक संरक्षण एवं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, रजिस्ट्रार हेम राज भट्ट सहित विश्वविद्यालय के निदेशक एवं अध्यापक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी