बुद्ध पूर्णिमा पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं
देहरादून, 01 मई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की त्रिविध पावन तिथि बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बुद्ध के सत्य, अहिंसा, दया और करुणा के संदेश आज के युग में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उनके विचार मानवता की सेवा और आपसी सद्भाव के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि बुद्ध के दिखाए गए मार्ग पर चलकर समाज में शांति, सहिष्णुता और लोक-कल्याण की भावना और सुदृढ़ होगी। इस पावन पर्व पर राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने संदेश में कहा कि महात्मा बुद्ध का अहिंसा, करुणा और शान्ति का संदेश सम्पूर्ण मानवता के लिए अमूल्य निधि है। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध की शिक्षा जीवन में नैतिक मूल्यों और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित करती है। महात्मा बुद्ध ने विश्व कल्याण के लिए मैत्री भावना व बिना किसी भेदभाव के संगठित रहने पर बल दिया। मानव मात्र के लिए उनके संदेश सदैव ही प्रासंगिक बने रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल