गौशाला के निरीक्षण को पहुंचे विधायक हृदयेश, बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी

 


हल्द्वानी , 30 जुलाई (हि.स.)। राजपुरा स्थित गौशाला की बदहाल व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विधायक सुमित हृदयेश, वार्ड 12 की पार्षद प्रीति आर्या ने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गौशाला पहुंचे। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद थे।निरीक्षण के दौरान गौवंश के रखरखाव, साफ-सफाई, जल निकासी एवं चिकित्सा सुविधाओं की दयनीय स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई।सुमित हृदयेश ने कहा कि “गौशाला केवल एक भवन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और संवेदनशीलता का प्रतीक है।

गौवंश की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश देते हुए नियमित साफ-सफाई, बेहतर जल निकासी, समय पर चिकित्सा सुविधा तथा गौवंश की समुचित देखभाल के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।कांग्रेस जिला महामंत्री मलय बिष्ट एवं पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू ने कहा कि “गौसेवा केवल नारे लगाने से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने से होती है।

गौवंश की सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि नगर निगम गौमाताओं की उचित देखभाल करने में असमर्थ है, तो उन्हें गौशालाओं में बदहाल स्थिति में रखने के बजाय मुक्त कर देना चाहिए।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने शीघ्र ही गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया, तो कांग्रेस जन जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। निरीक्षण के दौरान राजन टंडन, त्रिलोक बनौली, सुमित कुमार, संजय शेखर, अमित रावत, सचिन गुप्ता, सूरज प्रकाश सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता