जीएनटीआई स्टेडियम जनवरी तक आधुनिक रूप में होगा तैयार : धन सिंह रावत
-श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिए तीन करोड़ की विकास योजनाएं मंजूर
देहरादून, 25 सितंबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण का कार्य जनवरी 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
डॉ. रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक को जनवरी तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं विकसित करने को कहा, ताकि यह स्थानीय खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सके। धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के साथ वहां बहुउद्देशीय पार्किंग और आधुनिक पार्क विकसित करने के निर्देश भी रेलवे अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। डॉ. रावत ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने समय पर प्रस्ताव उपलब्ध नहीं कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। पार्किंग में सैकड़ों वाहनों की क्षमता रखी जाएगी। इसके अलावा श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे और रीवर फ्रंट के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाती भदौरिया, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी, एसडीएम श्रीनगर नुपुर वर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय