फॉरेंसिक एप्टीट्यूड एंड कैलिबर टेस्ट उत्तीर्ण कर गौरव ने बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान

 


नैनीताल, 20 जून (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित फॉरेंसिक साइंस विभाग के छात्र गौरव मठपाल ने प्रतिष्ठित फॉरेंसिक एप्टीट्यूड एंड कैलिबर टेस्ट (एफएसीटी) उत्तीर्ण कर विभाग और विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रशासन और विभागीय शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

बताया गया है कि गौरव मठपाल ने वर्ष 2025 में डीएसबी परिसर के फॉरेंसिक साइंस विभाग से फॉरेंसिक साइंस में एमएससी की उपाधि 80.05 सीजीपीए के साथ प्राप्त की थी। अध्ययन के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला रुद्रपुर व चाणक्यपुरी नई दिल्ली में प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यावहारिक अनुभव भी अर्जित किया। जबकि अब उन्होंने फॉरेंसिक एप्टीट्यूड एंड कैलिबर टेस्ट उत्तीर्ण किया है, जिसे फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उच्च अध्ययन और व्यावसायिक अवसरों के लिए महत्वपूर्ण योग्यता परीक्षा माना जाता है।

इसमें विषयगत ज्ञान, विश्लेषणात्मक क्षमता, तार्किक सोच और नैतिक निर्णय क्षमता का मूल्यांकन किया जाता है। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत ने गौरव को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। बायोमेडिकल साइंसेज एवं फॉरेंसिक साइंस विभाग के संकायाध्यक्ष प्रो. महेंद्र सिंह राणा ने इसे विभाग की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण बताया।

विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. राशि मिगलानी और डॉ. नगमा परवीन ने भी गौरव को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जबकि गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय विभागीय शिक्षकों तथा अपने माता-पिता प्रकाश मठपाल और कृष्णा मठपाल को दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी