कीर्तिनगर में कूड़ा एकत्रित कर डंपिंग जाेन में किया निस्तारित
नई टिहरी, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस और स्वच्छ भारत मिशन के उपलक्ष्य में कीर्तिनगर नगर पंचायत में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. राकेश मोहन मैठाणी और ईओ राजेंद्र सिंह सजवाण के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों, कार्मिकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने मुख्य बाजार कीर्तिनगर से लेकर ढूंढप्रयाग, रामपुर पुल आदि क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया।
उन्होंने जमा कूड़ा-कचरा हटाने के साथ ही सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। अध्यक्ष मैठाणी और ईओ सजवाण ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। नगर को साफ रखने में सभी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें। खासकर गीला और सूखा कूड़ा सोर्स से अगल किया जाना जरूरी है।
निकाय क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण स्थल पर वैज्ञानिक तरीके से कूड़े का पृथ्कीकरण कर सिलियां तैयार की जा रही है। जिससे पर्यावरण सुरक्षा के साथ ही आय का भी जरिया बन रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में कूड़ा एकत्रित कर डंपिंग जोन में निस्तारित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी