गाजणा जलकुर घाटी लोक संस्कृति एवं पर्यटन विकास महोत्सव एक नवंबर को

 

उत्तरकाशी, 27 अक्टूबर (हि.स.)।कलीराम नौटियाल स्मृति फाउंडेशन का चौथा स्थापना दिवस आगामी एक नवंबर को गाजणा जलकुर घाटी लोक संस्कृति एवं पर्यटन विकास महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। राइंका धौंतरी में आयोजित इस महोत्सव में फाउंडेशन की ओर से गाजणा क्षेत्र के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘गाजणा गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, ‘हुनर की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों को अपनी कला, कौशल और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रजापति नौटियाल ने बताया कि फाउंडेशन उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

महोत्सव के माध्यम से गाजणा जलकुर घाटी में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र में नए पर्यटक स्थलों और ट्रैकिंग मार्गों को चिह्नित करने तथा उनके विकास के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करना भी आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। इसके साथ ही क्षेत्र के लोक कलाकारों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक विधाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का प्रयास रहेगा।

महिला सशक्तीकरण के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को प्रोत्साहित कर उनके हुनर एवं क्षमताओं को आगे लाने की पहल की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल