हरिद्वार में 13 को होगा स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार का राष्ट्रीय सम्मेलन

 


हरिद्वार, 10 अप्रैल (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के संकल्प के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों का भारत बनाने को साकार करने की दिशा में स्वतंत्रता सेनानी परिवार भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसी क्रम में 13 अप्रैल को जलियांवाला बाग नरसंहार की 107वीं वर्षगांठ के अवसर पर ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, हरिद्वार में स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी शुक्रवार काे यहां प्रेस क्लब में पत्रकार सम्मेलन का संबाेधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि जलियांवाला बाग नरसंहार की 107वीं वर्षगांठ पर हाेने वाले स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवार के राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन संगठन के संरक्षक एवं शिवडेल स्कूल के संस्थापक स्वामी शरद पुरी के संरक्षण में होगा।

उन्हाेंने बताया कि इस सम्मेलन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आयुष मंत्री मदन कौशिक, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, नीति आयोग (छत्तीसगढ़) के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा, हरिद्वार की महापौर किरण जैसल व रानीपुर विधायक आदेश चौहान शामिल हाेंगे। इसके साथ ही देशभर से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ सदस्य भी शामिल होंगे।

रघुवंशी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क, ज्वालापुर से निकाली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी शहीद सम्मान यात्रा से होगी। इसका संचालन मयूर दीक्षित करेंगे। दोपहर 12 बजे से ऋषिकुल कॉलेज सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमे 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर विचार मंथन किया जाएगा। सम्मेलन में शामिल वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी व उनके वंशज नई पीढ़ी को देशभक्ति से प्रेरित करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

पत्रकार वार्ता के दाैरान संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन न केवल ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने का प्रयास है, बल्कि भविष्य के भारत निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रेस वार्ता में भारत भूषण विद्यालंकार सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला