कांग्रेस हमेशा से स्वतंत्रता सेनानियों के मूल्यों पर चलती रही: गणेश गोदियाल

 


देहरादून, 19 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राज्य की धामी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से स्वतंत्रता सेनानियों के मूल्यों पर चलती रही है, जबकि वर्तमान में इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया जा रहा है।

रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव मुख्यालय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि जिन वीर सेनानियों की कुर्बानियों से देश आज़ाद हुआ, उन्हीं के आदर्शों और विचारधारा को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अन्याय और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान की रक्षा करने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। प्रकोष्ठ के महामंत्री अवधेश पंत ने संगठन की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश नेतृत्व से आग्रह किया कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को एकजुट कर उनका सम्मान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के चुनावी घोषणा पत्र में इन परिवारों को प्राथमिकता देते हुए उनकी मांगों को शामिल किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने गणेश गोदियाल का चरखा एवं गंगा मां की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक एवं स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सदस्य लखपत सिंह बुटोला,कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा महरा दसौनी,जनकवि अतुल शर्मा, संरक्षक गोवर्धन प्रसाद शर्मा, बागेश्वर के गिरीश चंद्र जोशी, राज्य आंदोलनकारी मोहन खत्री तथा युवा नेता नितिन चंचल सहित अन्य को चरखा एवं गंगा मां की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

बैठक में महामंत्री संजय शर्मा, मोहन काला, सुशील गुड़िया,शोभा बिष्ट,इंद्रलाल आर्य,जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडे,गोपाल नारसन,सुरेंद्र कुमार सैनी,अदनान,नवीन शरण निश्चल,सुरेंद्र सिंह बुटोला,सत्य प्रकाश चौहान,सुधीर कौशिक,राकेश पंत, राकेश डोभाल,सुभाष जायसवाल और जयदेव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय