प्रॉपर्टी डीलर से करोड़ों की धोखाधड़ी, आठ आरोपितों पर मुकदमा

 


हल्द्वानी, 18 जुलाई (हि.स.)। बरेली रोड निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर से कॉटेज और जमीन दिलाने के नाम पर 1.56 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसमें एक महिला सहित कई लोगों पर रकम हड़पने और रजिस्ट्री के नाम पर टालमटोल करने का आरोप है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आठ आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

प्रॉपर्टी डीलर जितेंद्र कुमार निवासी धानमिल बरेली रोड ने कोतवाली पुलिस में बताया कि वह भूमि खरीदना चाहता था। इसके चलते वह गाजियाबाद निवासी कैलाश सती और नोएडा निवासी उनकी पार्टनर शुभ्रा गुप्ता के संपर्क में आया। 31 जनवरी2026 को अपने परिवार के साथ कैलाश, स्वाति व रवि कुमार उसके आवास पर आए और ग्राम श्रीकोट माडाली भिकियासैंण में 12 नाली भूमि का सौदा 90 लाख रुपये में हुआ। गैबुआ रामनगर स्थित कॉटेज का भी मौखिक सौदा हुआ।

यहां कैलाश के रुपयों की जरूरत बताने पर उसे 1.56 करोड़ दिए। इसमें 90 लाख भूमि और 66 लाख कॉटेज का बयाना शामिल है। ऐसे में शेष 44 लाख रजिस्ट्री और बैनामे के समय देना तय हुआ। अब शेष धनराशि लेकर रजिस्ट्री और बैनामे की कहने पर वह टालमटोल करने लगा। आरोपियों ने बीती 28 अप्रैल को रजिस्ट्री न कराने की बात कहकर जान से मारने की धमकी भी दी।

प्रॉपर्टी डीलर जितेंद्र गुप्ता के अनुसार सात जुलाई को धनराशि वापस करने पर सहमति बनी, पर अमल नहीं हुआ। आरोप है कि कैलाश सती और अन्य लोग गैंग बनाकर ठगी कर रहे हैं। कैलाश सती और अन्य पर पूर्व में मुरादाबाद यूपी के थाना मुगलपुरा में धोखाधड़ी, कालाढूंगी थाने में भी दो प्राथमिकी शामिल हैं। पुलिस ने एक बार फिर कैलाश उसके परिवार के कुछ लोगों सहित महिला पार्टनर शुभ्रा, नंदन सिंह बोरा और उनके एक रिश्तेदार के खिलाफ संगठित गिरोह बनाकर धोखाखड़ी या वसूली व धोखा देकर संपत्ति हड़पने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार रकम लेने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री न करने के मामले में संगठित गिरोह बनाकर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी