गजा में जल्द किया जाएगा 30 बेड के अस्पताल का शिलान्यासः उनियाल
नई टिहरी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर विधानसभा के पलाम और फलसारी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। वहीं फलसारी गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर व्यास गद्दी से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।
शनिवार को कैबिनेट मंत्री उनियाल ने फलसारी गांव में साहित्यकार डॉ. अंबरीश चंद्र चमोली की गढ़वाली काव्य कृति बौड़िक ऐजा का विमोचन भी किया। मंत्री उनियाल कहा कि गजा में जल्द ही 30 बेड के अस्पताल का शिलान्यास किया जाएगा।
जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, सभी को इसमें भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गजा उपतहसील को स्वीकृति देते समय भविष्य में यहां बड़े नगर के विकसित होने की परिकल्पना की गई थी। क्षेत्र में 20 सोलर लाइट और कीर्तन मंडली को आवश्यक सामान उपलब्ध कराने की घोषणा की।
उन्होंने ग्रामीणों से अपनी पैतृक जमीन नहीं बेचने की अपील करते हुए क्षेत्र के भविष्य और विकास को ध्यान में रखने की बात कही। इस मौके पर पर नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, पलाम के प्रधान राजेश चमोली, संजय चमोली, काशीराम चमोली, दिनेश कोठियाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी