कैबिनेट में प्रस्ताव नहीं आने पर भड़के पीआरडी जवान, निकालेंगे कैंडल मार्च
पौड़ी गढ़वाल, 27 नवंबर (हि.स.)। आज को हुई कैबिनेट की बैठक में पीआरडी जवानों से संबंधित प्रस्ताव नहीं आने पर पीआरडी जवानों ने कड़़ी नाराजगी जताई है। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने सरकार पर उनके साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। संगठन ने शनिवार को पौड़ी में कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया है।
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संपूर्ण सिंह ने बताया कि पिछले लंबे समय से समान कार्य के लिए समान वेतन देने और 365 दिन रोजगार देने की मांग को लेकर आंदोलन किए जा रहे है। बीते दिनों मुख्यमंत्री व विभागीय मंत्री के साथ हुई वार्ता में जवानों की लंबे समय से लंबित दोनों मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। जिस पर विभागीय मंत्री ने उनके प्रस्ताव को कैबिनेट में लाने का आश्वासन दिया था लेकिन कई बार की कैबिनेट की बैठक होने के बाद भी उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कहा कि उनको विश्वास था कि शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में उनका प्रस्ताव लाया जाएगा लेकिन इस कैबिनेट की बैठक में कोई प्रस्ताव नहीं लाया गया। जिससे पीआरडी जवानों में नाराजगी बनी हुई है। कहा कि पीआरडी जवान विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित रोजगार और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। बताया कि शनिवार को कैंडल मार्च निकाला जाएगा और 30 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह