जिलेभर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान, 70 सैंपल जांच को भेजे

 


नई टिहरी, 04 नवंबर (हि.स.)। शासन और जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों सहित मिठाई व डेयरी दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान संदेह के आधार पर 70 से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।

दीपावली के त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों विशेषकर मिठाइयों, दुग्ध प्रोडक्ट्स में मिलावट की रोकथाम, आमजन को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग को चेकिंग अभियान जारी है। सहायक आयुक्त प्रमोद रावत ने बताया कि टीम ने घनसाली, चमियाला, लंबगाव, धनोल्टी, कैंपटी, चंबा, भागीरथपुरम, आगराखाल, खाड़ी, मुनिकीरेती, तपोवन, कीर्तिनगर, देवप्रयाग बाजार में के विभिन्न प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी व निरीक्षण की कार्रवाई की।

उन्होंने उपभोक्ताओं से त्यौहारी सीजन में खाद्य सामग्री व मिठाइयां खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता, एक्सपायरी डेट का विशेष ध्यान रखने की अपील की। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा, बलवंत चौहान ने कारोबार कर्ताओं को मूल्य सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। बताया कि टीम ने मिठाई के 31 दूध व दुग्ध पदार्थ के 9, अनाज के 16, मसाले के 4, खाद्य तेल के 3 व अन्य खाद्य पदार्थ के 11 नमूने संग्रह कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

वहीं संग्रहित खाद्य नमूने की जांच में मानक अनुसार न पाए जाने पर 6 विक्रेताओं के विरुद्ध न्याय निर्णय अधिकारी/एडीएम कोर्ट में केस दर्ज किए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी