जरूरतमंद परिवार को मिला सहारा, संत रामपाल के अनुयायियों ने लिया गोद
पौड़ी गढ़वाल, 26 जुलाई (हि.स.)। जनपद पौड़ी गढ़वाल के कल्जीखाल ब्लॉक स्थित इडुंसा गांव के एक जरूरतमंद परिवार को संत रामपाल महाराज के अनुयायियों ने सामाजिक सेवा के तहत गोद लेकर सहायता का हाथ बढ़ाया। परिवार के मुखिया जयप्रकाश पैरालिसिस से पीड़ित हैं और काम करने में असमर्थ हैं। परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो दिव्यांग बताए गए हैं। घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने से परिवार लंबे समय से कठिनाइयों का सामना कर रहा था।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर संत रामपाल के अनुयायियों ने तुरंत सहायता का निर्णय लिया। अनुयायियों ने परिवार को राशन, गैस सिलेंडर, कपड़े, बर्तन, पंखा सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही आश्वासन दिया कि परिवार के आर्थिक रूप से सक्षम होने तक हरसंभव सहयोग जारी रखा जाएगा।
परिवार के मुखिया जयप्रकाश ने इस मानवीय पहल के लिए संत रामपाल महाराज व उनके अनुयायियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से परिवार को कठिन समय में बड़ी राहत मिली है। कार्यक्रम के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान रमेश बुंदखाल सहित संस्था के दीपक खंतवाल, सुषमा देवी रावत, सागर और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह पहल समाज में जरूरतमंद लोगों की सहायता और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बनी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह