मुर्गी बाड़े में फंसा गुलदार,वन विभाग ने किया रेस्क्यू
पौड़ी गढ़वाल, 03 जून (हि.स.)। विकास खंड पौड़ी के गुलदार प्रभावित क्षेत्र में एक बार फिर गुलदार की धमक देखने को मिली है। पौड़ी ब्लाक के मांसौ तल्ला गांव में एक मादा गुलदार शावक मुर्गी बाड़े में फंस गई। ग्रामीण की सूचना वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज कर उसे रेस्क्यू कर लिया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार शावक ने बाड़े में 10 मुर्गियों को निवाला बनाया। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र को गुलदार की दहशत से निजात दिलाने मांग की है।
विकास खंड पौड़ी के मांसों तल्ला गांव निवासी अर्जुन सिंह हर दिन की तरह बुधवार को सुबह 6 बजे मुर्गी बाड़ा देखने व मुर्गियों को दाना देने गया। जहां उन्होंने देखा कि मुर्गियां शोर कर रही हैं। बाड़े की जाली से अंदर देखा, तो वहां गुलदार था। जिसकी सूचना अर्जुन सिंह ने वन विभाग को दी। जिसके बाद नागदेव रेंज पौड़ी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गुलदार को रेस्क्यू किया। ग्रामीण अर्जुन सिंह ने बताया कि संभवतया गुलदार शावक बाड़ा बंद करने से पहले बीती शाम अंदर दुबक गया होगा। इसलिए वह अंदर ही कैद हो गया होगा।
दूसरी ओर ग्राम प्रधान चवथ शंकर नौटियाल ने कहा कि मांसों के कास्तकार का संज्ञान लेकन सीडीओ व पशुपालन विभाग से अपील है कि नुकसान का मुआवजा प्रदान कर किसी ना किसी योजना से लाभांवित किया जाय। साथ ही वन विभाग को मुआवजा जल्द से जल्द देना होगा।
बताया कि दो साल पहले भी किसान की मुर्गियों के पानी में जहरीला पदार्थ डालकर मार दिया था। कुछ दिन पहले भी गुलदार ने पांच मुर्गियां मार दी थी। वहीं डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि ग्रामीण किसान अर्जुन सिंह निवासी मांसो तल्ला के मुर्गे के बाड़े में फंसा गुलदार 1 साल का मादा गुलदार शावक है। जिसने बाड़े में 10 मुर्गियों को निवाला बनाया है।
वन विभाग की टीम ने ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू कर लिया है। चिकित्सकों की टीम ने जांच कर उसे स्वस्थ बताया है। प्रकरण में उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशानुसार जल्द अग्रिम कदम उठाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह