विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण:

 


उत्तरकाशी, 25 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज उत्तरकाशी में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने स्कूली बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं और रंगोली का निरीक्षण किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान बच्चों ने विकसित भारत के संकल्प तथा देश की 25 वर्षों की विकास यात्रा व उपलब्धियों को लेकर प्रभारी मंत्री से प्रश्न पूछते हुए संवाद किया।

शुक्रवार को राइंका में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने चित्रकला के माध्यम से विकसित भारत के अपने सपने को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। मेक इन इंडिया के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है आज मोबाइल, चिप, रक्षा उपकरण सहित अनेक उत्पादों का निर्माण देश में हो रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में भी भारत ने नई पहचान बनाई है और यूपीआई के माध्यम से देश में बड़े पैमाने पर डिजिटल लेन-देन हो रहा है।

सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से किया संवाद

दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शुक्रवार को जिले प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा तिलोथ स्थित गंगोत्री फिजिकल एकेडमी पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने एकेडमी में भारतीय सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवा अभ्यर्थियों से संवाद किया।

उन्होंने युवाओं की तैयारियों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली और युवाओं के अनुशासन, मेहनत और देश के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य को हासिल करने की बात कही।

इस मौके पर जिपं अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, पूर्व जिपं अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, राजदीप परमार, महावीर नेगी, अतोल रावत, हरीश डंगवाल, प्रताप रावत, चंडी प्रसाद भट्ट, डीएम प्रशांत आर्य,एसपी कमलेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल